निर्माणाधीन जिला जेल के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

बैतूल। निर्माणाधीन जिला जेल के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कढ़ाई इलाके में स्थित जंगल की है। मृतक की पहचान हर्रावाड़ी निवासी सुनील उर्फ अपाचे (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग पांच वर्षों से कढ़ाई क्षेत्र में अपने ससुराल में रह रहा था और एक भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था।

स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक सुनील को शराब पीने की लत थी, जिसके कारण उसका पारिवारिक जीवन प्रभावित रहा। लगभग तीन वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और इसके बाद वह ससुराल पक्ष के साथ ही रह रहा था।

बताया गया है कि मंगलवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था और घर में हंगामा कर रहा था। इसके बाद वह सो गया। सुबह जब आसपास के लोग जंगल की ओर गए तो निर्माणाधीन जेल के पास एक पेड़ पर गमछे के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Next Post

अब केवल टीईटी से होगी शिक्षक भर्ती, दोहरी परीक्षा व्यवस्था खत्म करने की तैयारी

Wed Mar 11 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है कि अब शिक्षकों की भर्ती केवल शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंकों के आधार पर की जाए। इस […]

You May Like