भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर अब प्रदेशभर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। अभियान के दौरान नागरिकों को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों से सतर्क रहने का प्रशिक्षण दिया गया, जिसका परिणाम यह रहा कि कई लोगों ने समय रहते ठगी के प्रयासों को विफल कर दिया, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की ठगी की राशि भी बरामद की।
24 जून से 8 जुलाई तक चले इस अभियान में लोगों को फर्जी डिजिटल अरेस्ट, संदिग्ध लिंक, ओटीपी ठगी, फर्जी केवाईसी अपडेट तथा सरकारी योजनाओं के नाम पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया गया।सिंगरौली में साइबर ठगों ने एक परिवार से बच्चे के रोने की आवाज सुनाकर अपहरण का झांसा देते हुए 70 हजार रुपये ऐंठने का प्रयास किया। हालांकि परिवार ने घबराने के बजाय जानकारी की पुष्टि की और ठगी की साजिश को नाकाम कर दिया।
वहीं राजगढ़ जिले के ब्यावरा ग्रामीण थाना क्षेत्र में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक समन्वय के आधार पर राजस्थान और भोपाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित से ठगे गए पूरे 2.95 लाख रुपये बरामद कर लिए।एक अन्य कार्रवाई में कालीपीठ थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने सरकारी योजना का लाभ और मोटरसाइकिल दिलाने का झांसा देकर एक बीपीएल परिवार से 1.50 लाख रुपये की ठगी की थी।पुलिस मुख्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।
