इंदौर: दिवाली से पहले किसी को अपना आईफोन मिला तो किसी को ओप्पो और वीवो का मोबाइल. लंबे समय से गुम फोन वापस मिलने पर लोग खुश नजर आए. क्राइम ब्रांच ने शनिवार को 112 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए. इनकी कीमत करीब 20 लाख रुपए है. इस साल अब तक क्राइम ब्रांच की साइबर सेल 1045 गुम मोबाइल तलाशकर लोगों को लौटा चुकी है.
इन मोबाइलों में सबसे ज्यादा 42 वीवो, 16 ओप्पो और 14 रियलमी के फोन हैं. इसके अलावा वनप्लस के नौ, रेडमी के नौ, सैमसंग के सात और मोटोरोला के छह मोबाइल भी बरामद किए. आईफोन, गूगल पिक्सल सहित अन्य कंपनियों के फोन भी लौटाए गए. मोबाइल मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों से तलाशे हैं.
गुम मोबाइलों का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की साइबर सेल सिटीजन कॉप एप और केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर काम करती है. तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल की तलाश की जाती है और मिलने पर शिकायतकर्ता से संपर्क कर फोन लौटाया जाता है. मोबाइल गुम होने पर सिटीजन कॉप एप के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच गुम मोबाइलों की शिकायतों पर कार्रवाई कर रही है.
