इंदौर: शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा शुरू की गई व्हाट्सएप हेल्पलाइन को बेहतरीन प्रतिसाद मिल रहा है. हजार से अधिक शिकायतें मिलने के बाद ज्यादातर का तुरंत निराकरण किया.सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस लगातार सक्रिय है. इसी उद्देश्य से यातायात प्रबंधन पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर शुरू किया था, जिसके माध्यम से नागरिक रोजमर्रा की यातायात समस्याएं सीधे ट्रैफिक टीम तक पहुंचा रहे हैं. हेल्पलाइन शुरू होने से लेकर मंगलवार तक 1006 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 980 मामलों में तुरंत कार्रवाई कर समाधान किया.
शेष 26 शिकायतों पर भी ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही जारी है. जिन शिकायतों का संबंध अन्य विभागों से था, उन्हें पुष्टि के बाद संबंधित एजेंसियों तक भेजा. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सक्रिय भूमिका और त्वरित सूचना से शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है. शेष सभी लंबित शिकायतों का निपटारा भी जल्द करने के लिए प्रक्रिया जारी है.
इस प्रकार की समस्याएं सबसे अधिक सामने आईं
सिग्नल की तकनीकी खराबी, सड़क पर बने चेंबर/गड्ढों से दुर्घटना की आशंका, ऑटो व ई-रिक्शा के नियम उल्लंघन की शिकायतें, शाम के समय कुछ मार्गों पर अत्यधिक दबाव से जाम की स्थिति, मैरिज गार्डन, रेस्टोरेंट और हॉस्पिटल के बाहर अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न बाधित होना, लोकपरिवहन वाहनों की अवैध पार्किंग से बाधित यातायात, बसों द्वारा सर्विस रोड पर गलत पार्किंग, बाइक व कार चालकों द्वारा नियम उल्लंघन, नो-एंट्री में खड़े वाहनों की जानकारी, ट्रैफिक प्रहरी अभियान से जुड़ने के संबंध में मार्गदर्शन, इन शिकायतों पर व्हाट्सएप हेल्पलाइन टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वायरलेस कंट्रोल, वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित बिट/थाना स्तर की ट्रैफिक टीम को जानकारी दी. इसके बाद क्रेन और सपोर्ट टीम की मदद से मौके पर त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान किया.
