छत्रीपुरा पुलिस के हत्थे चढ़ा हथियार तस्कर, 12 पिस्टल और कारतूसों का जखिरा बरामद

इंदौर: शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई रोकने अभियान के तहत छत्रीपुरा पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ लिया, जिसके पास से 12 पिस्टल और दो जिंदा कारतूस का बड़ा जखीरा मिला है. पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और शहर में हथियार खपाने की फिराक में था.अपराध गतिविधियों में अवैध फायर आर्म्स की बढ़ती भूमिका को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह द्वारा शहरभर में विशेष निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इन्हीं निर्देशों के तहत जोन-4 के पुलिस उपायुक्त आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में एसीपी सराफा हेमंत चौहान के नेतृत्व में छत्रीपुरा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की.

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिशेष अग्रवाल ने बताया कि 20 नवंबर की शाम थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि एक युवक इलाके में अवैध हथियारों की डिलीवरी करने पहुंचा है. सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर दबोच लिया. तलाशी में युवक की कमर से एक पिस्टल और उसमें लोड दो जिंदा कारतूस मिले. इसके अलावा उसके सफर बैग से 11 और पिस्टल बरामद हुईं. जब्त हथियारों की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है.

आरोपी की पहचान 22 वर्षीय दीपक शर्मा निवासी ग्राम मुंडा खेड़ा, तहसील खुर्जा, जिला बुलंदशहर (उ.प्र.) के रूप में हुई. प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह प्रदेश के विभिन्न शहरों में पिस्टल सप्लाई करता है और इंदौर में भी किसी ग्राहक को हथियार पहुंचाने आया था. थाना छत्रीपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी से यह पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है कि हथियार किस स्रोत से लाए गए और इंदौर में इन्हें किसे सौंपा जाना था. पुलिस उसके नेटवर्क और संभावित सप्लायर्स की भी जांच कर रही है. चेकिंग अभियान के दौरान मिली इस सफलता को पुलिस हथियारों की तस्करी पर निर्णायक प्रहार मान कर आरोपी से पूछताछ कर रही है.

Next Post

उज्जैन से ओंकारेश्वर तक हवाई सेवा का शुभारंभ, पहले जत्थे के श्रद्धालुओं का हेलीकॉप्टर से आगमन

Fri Nov 21 , 2025
खंडवा:उज्जैन से ओंकारेश्वर के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा का आज औपचारिक शुभारंभ हो गया। पहली बार हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर पहुँचे दर्शनार्थियों का स्थानीय नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प वर्षा और माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से महाकाल से लेकर मां नर्मदा […]

You May Like