इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में एक बहुमंजिला इमारत से गिरने पर उत्तराखंड की युवती की मौत हो गई. युवती कुछ दिन पहले ही एक साथी युवक के साथ यहां किराए से रहने आई थी. घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस स्थानीय लोगों के बयान और घटनास्थल के हालात के आधार पर जांच कर रही है.
मृतका की पहचान अंजली थापा उम्र 22 साल के रूप में हुई है. वह अपने साथी अजय मुंडे के साथ करीब पांच-छह दिन पहले पलाश परिसर में किराए से रहने आई थी. घटना की सूचना मिलने पर तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. शुरुआती जानकारी में पुलिस को पता चला कि घटना के दिन दोनों साथ में घूम रहे थे. इसी दौरान युवती इमारत से नीचे गिर गई. आसपास के लोगों ने दोनों के नशे की हालत में होने की आशंका जताई है. हालांकि, युवती के गिरने की वजह और घटना के समय की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
पुलिस ने युवती के साथ रह रहे अजय मुंडे से भी पूछताछ की है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की जांच में मदद मिलेगी. मामले में एसीपी रविंद्र बिलवाल ने बताया कि युवती की मौत हुई है, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
