जबलपुर: मध्यप्रदेश के युवाओं को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जबलपुर लगातार सशक्त पहल कर रही है। इसी क्रम में अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ शारजाह, दुबई के प्रतिष्ठित प्रोफेसर डॉ. सचिन वर्मा ने संभागीय आईटीआई जबलपुर का औपचारिक भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की अत्याधुनिक कार्यशालाओं, उन्नत मशीनों और प्रयोगशालाओं को नजदीक से देखा। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, संसाधनों और अनुशासित वातावरण को देखकर वे खासे प्रभावित नजर आए।
तकनीकी ज्ञान के साथ सॉफ्ट स्किल्स पर जोर
डॉ. वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों और प्रशिक्षण अधिकारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज का वैश्विक रोजगार बाजार केवल तकनीकी दक्षता से संतुष्ट नहीं होता, बल्कि कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कार्य-संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय कार्य व्यवहार भी उतने ही जरूरी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशिक्षण संस्थान तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स पर भी समान रूप से ध्यान दें, तो भारतीय युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार और करियर के अवसर कई गुना बढ़ सकते हैं।
संस्थान की पहल को बताया भविष्य निर्माण की मजबूत नींव
इस अवसर पर संयुक्त संचालक कार्यालय से उपसंचालक आयुष अग्रवाल, प्रशिक्षण अधीक्षक डी. के. रॉय, रंजीत रोहितास, प्लेसमेंट अधिकारी ललित डेहरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इसे संभागीय आईटीआई जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया।
