इस वर्ष के अंत तक करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी 11 गाँवों का होगा कायाकल्प: कपिल मिश्रा

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) दिल्ली के विकास मंत्री एवं करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक कपिल मिश्रा ने सोमवार को कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली की करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के 11 गावों को इस वर्ष के अंत तक कायाकल्प किया जायेगा।

इसी क्रम में आज श्री मिश्रा ने सभापुर क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि करावल नगर का सर्वांगीण विकास मेरी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। आज सभापुर क्षेत्र में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। हमारा लक्ष्य है कि करावल नगर की हर गली और हर मोहल्ला विकास की रफ्तार से जुड़े और करावल नगर के लोगों का जीवन बेहतर और सुविधाजनक बने।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अभी सरकार आए महज छह महीने ही हुए हैं लेकिन करावल नगर की तस्वीर बदलना शुरू हो गयी है। उन्होंने मौजूद जनता से वादा किया कि इस साल के अंत तक करावल नगर क्षेत्र में आने वाले सभी 11 गांवों में से एक भी गाँव ऐसा नहीं बचेगा जहाँ गलियों का पक्कीकरण और नाला निर्माण ना हुआ हो। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए की राशि का बहुप्रतीक्षित सीवर लाइन प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि आगामी सात सितम्बर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा सोनिया विहार एक ब्लाक से ई ब्लाक तक सीवर लाइन प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। वहीँ तीन महीने में बाकी बचे क्षेत्र में भी सीवर लाइन पड़ना शुरू हो जायेगा जिससे पानी की निकासी के साथ ही स्थानीय जनता की प्रॉपर्टी की कीमत में बढ़ोतरी हो जाएगी। वहीँ पुस्ता के डबल होने की प्रक्रिया में भी दिल्ली सरकार तेज़ी से आगे बढ़ चुकी हैं।

श्री मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न ‘हर भारतीय स्वस्थ रहे, रोग मुक्त रहे’ के तहत विधानसभा क्षेत्र में इस साल के अंत तक 11 आरोग्य मंदिर खुलने जा रहे हैं। वहीँ क्षेत्र में कैमरा और लाइट लगने के प्रोजेक्ट पर भी तेज़ी से काम चल रहा है। वहीँ जल्द ही भारत सरकार का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जिसमें यमुना नदी में क्रूज चलाये जाने की योजना है, वो भी जल्द धरातल पर उतरने जा रहा है।

विकास मंत्री ने कहा कि सिर्फ छह महीने में शुरू हुए इन विकास कार्यों से साफ़ है कि करावल नगर तेजी से “विकसित करावल नगर” की ओर अग्रसर है। क्षेत्र में हाईवे से लेकर मेट्रो प्रोजेक्ट का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ‘विकसित दिल्ली संकल्प’ में करावल नगर विकास के नए पथ पर अग्रसर है।वहीँ ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के ईमानदार प्रयासों से दिल्ली और करावल नगर का चहुंमुखी विकास हो रहा है।

इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी सपत्नीक सुरभि तिवारी, निगम पार्षद बृजेश सिंह और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इन विकास कार्यों का स्वागत किया और करावल नगर के सुनहरे भविष्य पर विश्वास जताया।

Next Post

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेनाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का पूरा साथ मिला: राजनाथ

Mon Aug 25 , 2025
जोधपुर 25 अगस्त (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने सेनाओं का पूरा साथ दिया जिससे यह साबित होता है कि देश का हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक और समर्पित है। श्री सिंह ने सोमवार […]

You May Like