इंदौर: विकास को लेकर शहर में हर तरफ कार्य किया जा रहा है. कहीं सीवरेज लाइन तो कहीं सड़क पुनर्निर्माण तो कहीं चौड़ीकरण हो रहा है. लेकिन इन कार्यों में अस्सी प्रतिशत ऐसे कार्य हैं जो अधूरे पड़े हैं या फिर इन कार्यों के कारण आम जनता परेशानी उठा रही है.स्नेहलता गंज छावनी क्षेत्र में पड़ने वाला वार्ड क्रमांक 55 में मामला सामने आया है. वार्ड के उषागंज में कुटुंब न्यायालय के पीछे मुख्य मार्ग पर छः महीने पहले सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया गया था लेकिन इस कार्य से दो समस्याएं बढ़ गई हैं. पहले तो यहां की जब सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था तो बनी बनाई सड़क को उखाड़ दिया गया.
फिर आज तक इस उबड़ खाबड़ सड़क को दोबारा नहीं बनाया गया, जिसके कारण राहगीरों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. वहीं इस कार्य से दूसरी समस्या यह है कि सीवरेज लाइन का नया कार्य तो किया गया लेकिन इस नई लाइन के कारण क्षेत्र के घरों में नर्मदा नल कनेक्शन से गंदा पानी पहुंच रहा है जिसे बिल्कुल भी उपयोग नहीं किया जा सकता. इन समस्याओं का निपटान करने के लिए कोई भी जिम्मेदार वहां पर नहीं पहुंचता, न ही इस कार्य को अभी तक दुरुस्त किया गया.
इनका कहना है
जर्जर रोड होने और बरसात में कीचड़ होने के कारण कई वाहन चालक गिर रहे हैं. चोटें लग रही है. कुछ दिन पहले बनी बनाई सड़क ऐसी धंसी कि रिक्शा अंदर चले गई.
अमित महेश्वरी
इतना कीचड़ हो जाता है कि ग्राहक इधर आना पसंद नहीं करते. इसके अलावा नई सीवरेज लाइनों के बाद घरों के नलों में सीवरेज का पानी मिक्स होकर आ रहा है.
भूपेंद्र जैन
आसपास की गलियों में दिवाली से काम शुरू हो गया था. हर जगह कार्य चल रहा है लेकिन पूरा नहीं किया जाता. कार्य पूरा हो जाए तो लोगों की समस्याएं खत्म हो.
श्यामलाल श्रीवास
बारिश बाद सड़क कार्य
बारिश बाद सड़क का कार्य किया जाएगा. क्षेत्र में लोगों के घरों में नल कनेक्शन वर्षों पुराने हो चुके हैं, जो लीकेज हो चुके हैं. रहवासियो को लाइन बदलने के लिए कहा है.
पंखुड़ी जैन, पार्षद
