ब्यावरा: झांसा देकर ठगी करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में हजारों रुपये के आभूषण लेकर रफूचक्कर होने की घटना सामने आई है.सिटी पुलिस के अनुसार नगर में दो अलग-अलग घटनाओं में ठग हजारों रुपये कीमत के आभूषण लेकर भाग निकले. पहली घटना जिसमें वार्को सिटी क्षेत्र में स्कूटी से एक व्यक्ति फरियादी के घर पहुंचा और पीने का पानी मांगा. इसी बीच उसने झांसा देते हुए गृह कलेश बात कहते हुए कहा कि इसे दूर करने पूजा करना होगी और मंगल सूत्र ले आओं उसे मंत्र से सिद्ध कर दूंगा.
भरोसे में लेकर घर में रखा एक मंगलसूत्र मंगवाया और एक अन्य गले में पहना मंगलसूत्र भी उतरवा लिया. चावल मंगवाए और दो अलग-अलग कागज की पुडिय़ा बनाई एक पुडिय़ा में मंगलसूत्र रख दिए तथा एक पुडिय़ा में चावल रख दिए. धोखाधड़ी करते हुए मंगलसूत्र वाली पुडिय़ा अपने पास रख ली और एक पुडिय़ा फरियादी को दे दी. इसके बाद उक्त व्यक्ति वहां से चला गया. जब पुडिय़ा को खोला तो उसमें चावल निकले. दोनों मंगलसूत्र की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई जाती है.
एक अन्य घटना में फरियादिया महिला उम्र 62 वर्ष नपा कार्यालय की तरफ जा रही थी तभी रास्ते में एक युवक मिला और 10 रुपये मांगने लगा. फरियादिया ने कहा कि उसके पास रुपये नहीं है, इसी बीच नपा कार्यालय के यहां एक महिला और आ गई. इन्होंने बातों में उलझाकर ऑटो में बैठा लिया और रेलवे स्टेशन वाले ब्रिज के समीप उसे छोड़ गये. वहां से वह घर कैसे आई कुछ याद नहीं, घर जाकर देखा तो कान में मौजूद टॉप्स गायब थे.
धोखाधड़ी कर टॉप्स निकाल लिए. टॉप्स की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जाती है.दोनों मामलों में सिटी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के आरोपी कैमरों में कैद होना बताया जा रहा है. संदिग्धों की फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की जा रही हैं, ताकि जल्द घटना करने वालों को पकड़ा जा सके
