अशोकनगर। इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस के मामले मे शिलांग पुलिस अशोकनगर पहुंची। जहां उसने साडोरा थाना के ग्राम मदागन से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और अपने साथ पूछताछ के लिए इंदौर ले गई। बताया जा रहा है जिस व्यक्ति को पुलिस अपने साथ ले गई है वह व्यक्ति उस मल्टी का चौकीदार था जिसमें राजा रघुवंशी की हत्या के बाद सोनम रघुवंशी उस मल्टी के फ्लैट में रुकी थी।
दरअसल बहुचर्चित राजा रघुवंशी मर्डर मिस्ट्री की जांच शिलांग पुलिस द्वारा की जा रही है। जिसके चलते वह इंदौर में रुकी हुई है और लगातार सोनम रघुवंशी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इसी के चलते शिलांग पुलिस रविवार सुबह शाडोरा पहुंची और थाना प्रभारी सत्येंद्र कुशवाहा की मदद से बल्ला उर्फ बलवीर पुत्र सटरू अहिरवर उम्र 30 साल निवासी ग्राम मदागन को गिरफ्तार किया और अपने साथ इंदौर ले गई है। बताया जा रहा है कि सोनम इंदौर के जिस फ्लैट में रुकी थी, उस मल्टी में यह व्यक्ति चौकीदारी करता था, सोनम ने अपने बयान में इसी मल्टी से खुद का बैग जिसमें लगभग 5 लाख रूपए थे बह चोरी होना बताया है । जिसकी पूछताछ करने के लिए शिलांग को पुलिस अशोकनगर आई थी और मल्टी के चौकीदार को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गईं।
