रात्रि चौपाल : कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएँ

ग्वालियर: जनपद पंचायत मुरार के ग्राम बरेठा में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्राम पंचायत भवन के सामने चबूतरे पर ग्रामीणों के बीच अनौपचारिक माहौल में बैठीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने न केवल उनकी समस्याएँ सुनीं, बल्कि मौके पर ही उनके समाधान कराकर शासन के प्रति अमजन का विश्वास भी मजबूत किया। चौपाल में किसानों को मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप लाभकारी खेती का मार्गदर्शन मिला तो जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता और उपचार का पुख्ता भरोसा भी मिला। चौपाल में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए।

चौपाल के दौरान कलेक्टर श्रीमती चौहान ने किसानों से खरीफ फसल की तैयारियों पर चर्चा की। अधिकांश किसानों ने धान लगाने की बात कही। इस पर उन्होंने बताया कि इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा हुई है तथा आगे भी वर्षा में विलंब की संभावना है। ऐसी स्थिति में किसानों को कम पानी में अधिक लाभ देने वाली वैकल्पिक फसलों को अपनाने की सलाह दी गई। उप संचालक कृषि एवं सहायक संचालक उद्यानिकी ने तिल, टमाटर, मिर्च एवं मशरूम जैसी नगदी फसलों के आर्थिक लाभ और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी। मार्गदर्शन से प्रभावित होकर 20 किसानों ने तिल तथा 10-10 किसानों ने टमाटर एवं मशरूम उत्पादन अपनाने के लिए मौके पर ही अपने नाम दर्ज कराए।
चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के त्वरित निराकरण की रूपरेखा तय की गई.चौपाल में पहुँची रेखा ने अपने पति ब्रजकिशोर के लकवाग्रस्त होने और आर्थिक संकट की जानकारी कलेक्टर को दी। चर्चा के दौरान पता चला कि ब्रजकिशोर का संबल कार्ड बना हुआ है, लेकिन जानकारी के अभाव में उन्होंने सहायता के लिए आवेदन नहीं किया था। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने श्रम विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर संबल योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

Next Post

सिलाई प्रशिक्षण कैंप के समापन पर पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट वितरण

Mon Jul 13 , 2026
ग्वालियर: ग्वालियर विधानसभा में एमडी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित सिलाई प्रशिक्षण कैंप के समापन के अवसर पर कांग्रेस नेता मुनेंद्र सिंह भदौरिया ने प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट वितरण किया। इस अवसर पर पार्षद और एमआईसी सदस्य शकील मंसूरी, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, वार्ड अध्यक्ष जाटव, समाजसेवी जमील भाई, सरदार […]

You May Like