
इन्दौर। भंवरकुआं थाना इलाके के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक हॉस्टल संचालक से इलाके में काम करने के बदले हर महीने 20 हजार रुपये की मांग की गई। जब संचालक ने अवैध पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने सरेराह गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। भंवरकुआं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक, घटना भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित 99 शॉप वाली गली की है। फरियादी अनिरुद्ध पिता आशीष जोशी निवासी महल कचहरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने हॉस्टल के काम से भोलाराम मार्ग पर खड़ा था।फरियादी के मुताबिक, तभी वहां आरोपी मिलन नागर निवासी श्री यंत्र नगर आया और अनिरुद्ध को धमकाते हुए बोला कि “अगर तुझे भोलाराम उस्ताद मार्ग पर हॉस्टल चलाना है, तो मुझे हर महीने 20 हजार रुपये देने पड़ेंगे।” जब अनिरुद्ध ने यह अवैध राशि देने से साफ मना कर दिया, तो मिलन नागर तैश में आ गया औरगालियां देने लगा।विवाद बढ़ने पर आरोपी मिलन ने अनिरुद्ध के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अनिरुद्ध के दोस्त अर्पित शर्मा ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी झूमाझटकी की। भागते समय आरोपी ने धमकी दी कि अगर इस इलाके में रहना है तो रुपये देने ही पड़ेंगे, वरना तुम लोगों को जान से खत्म कर दूंगा।
