
इंदौर. चंदननगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से पथराव और मारपीट हो गई. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किए हैं.
पहले मामले में कपिल सुरमिया ने शिकायत दर्ज कराई कि शुक्रवार 22 मई की रात करीब 1 बजे मुकेश चौहान, संजू चौहान, पवन चौहान और आदित्य चौहान ने उसे और उसके परिवार को गालियां दीं. विरोध करने पर संजू ने पत्थर मार दिया, जिससे कपिल के सिर और बाएं हाथ में चोट आई. वहीं उसके भाई शुभम के साथ पवन ने मारपीट की. दूसरे मामले में मुकेश चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कपिल, शुभम और गोलू सुनहरे ने उनके खिलाफ थाने में शिकायत की थी. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और तीनों ने गाली गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर शुभम ने पत्थर मारा, जिससे मुकेश के सिर में चोट आई और खून निकलने लगा. बीच बचाव करने पहुंचे संजू चौहान और आदित्य चौहान के साथ भी मारपीट हुई, जिससे दोनों घायल हो गए. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
