पानी चोरी पर सख्ती का प्रभाव: काहिरी बंधान में बेहतर जलस्तर, शहर में जलप्रदाय का समय बढ़ा

सीहोर। पानी चोरी पर सख्ती से नकेल कसने का सुखद परिणाम देखने को मिल रहा है. पिछले साल की तुलना में इस बार जमोनिया और भगवानपुरा तालाब में भले ही पानी कम हो, लेकिन पार्वती नदी के काहिरी बंधान में अधिक पानी की उपलब्धता को देखते हुए नपा ने 45 मिनट की जगह पूरे एक घंटे पानी देने का निर्णय लिया है. दो दिन के अंतराल में होने वाले जलप्रदाय के समय में बढ़ोत्तरी होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी.

इस बार अल्पवर्षा के चलते अधिकांश जलस्त्रोत खाली रह गए थे. इससे आगामी गर्मी के दिनों में शहर में भीषण जलसंकट गहराने की आशंका बनी थी. इसके अलावा हर साल की तरह पानी चोरी होने के कारण भी जलस्त्रोत खाली होने का खतरा मंडरा रहा था. अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए नगरपालिका द्वारा नियत समय पर सभी बंधानों के गेट बंद कर दिए थे तो पानी चोरी पर रोक लगाने के लिए सभी कारगर कदम उठाए जा रहे थे. इतना ही नहीं कलेक्टर बालागुरू के द्वारा भी पेयजल संकट की स्थिति को देखते हुए पानी चोरी रोकने के सख्त निर्देश दिए गए थे. नतीजतन नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर के निर्देश पर सीएमओ सुधीर कुमार द्वारा जमोनिया व भगवानपुरा तालाब सहित काहिरी बंधान में मौजूद पानी की चोरी रोकने के लिए तीन दलों का गठन किया गया था.

वर्तमान में दो दिन छोड़कर मिल रहा 45 मिनिट पानी

आगामी गर्मी में जलसंकट न गहराए, इसके लिए नपा द्वारा शहर में जलप्रदाय के शेडयूल में परिवर्तन किया गया था. जिसके तहत दो दिन के अंतराल में 45 मिनट जलप्रदाय किया जा रहा था. दो दिन बाद भी महज 45 मिनट पानी मिलने के कारण लोगों को निजी टैंकरों अथवा बोर व कुओं की शरण में जाना पड़ रहा था, लेकिन काहिरी में बेहतर जलस्तर को देखते हुए नपा द्वारा दो दिन में 45 मिनट की जगह पूरे एक घंटे जलप्रदाय करने का निर्णय लिया है. इससे पेयजल के लिए परेशान लोगों को काफी राहत मिलेगी.

नपा की गठित टीमों द्वारा की गई मोटरों की धरपकड़

पानी चोरी रोकने के लिए गठित नपा की टीम ने सतत निरीक्षण करते हुए पेयजल के लिए सुरक्षित पानी की चोरी करने वाले कई किसानों की मोटरों को जब्त किया. किसानों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. नतीजतन अन्य सालों की अपेक्षा इस बार पानी की चोरी में काफी कमी देखने को मिली. यही कारण है कि पिछले साल की तुलना में इस बार काहिरी बंधान में अधिक पानी है. हालांकि भगवानपुरा और जमोनिया तालाब में गत वर्ष की तुलना में पानी कम है. इसको लेकर नपा के जिम्मेदारों का कहना है कि शहर में पानी की किल्लत नहीं आएगी.

शहर में नहीं आएगी पानी की किल्लत

सही समय पर पानी चोरी रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जाने के कारण काहिरी में पिछले साल की तुलना में अधिक पानी है. यही वजह है कि जलप्रदाय के समय में 15 मिनिट की बढ़ोत्तरी की गई है. लोगों से आग्रह है कि वह पानी की अनावश्यक बर्बादी न करें. नलों में टोटी लगाकर रखें ताकि आगामी दिनों में पानी की कमी से न जूझना पड़े

सुधीर कुमार
मुख्य नपा अधिकारी

Next Post

मकरविलक्कू उत्सव: सबरीमाला में उमड़ी तीर्थयात्रियों की भीड़

Wed Jan 14 , 2026
सबरीमाला, 14 जनवरी (वार्ता ) केरल में भगवान अयप्पा के पहाड़ी मंदिर में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ है। यहां पर बुधवार शाम को आयोजित होने वाले पवित्र मकरविलक्कू और मकरज्योति देखने के लिए हजारों भक्त सन्निधानम और आसपास के इलाकों में इकट्ठा हुए हैं। मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय […]

You May Like