
नैनपुर। दोपहर नैनपुर–जबलपुर ब्रॉडगेज रेलखंड पर ग्वारीघाट रेलवे पुल में एक बड़ा हादसा टल गया। एक स्थानीय युवक अपनी बाइक लेकर पुल पार कर रहा था, तभी अप दिशा से आ रही गोंदिया–गढ़ा मेमो पैसेंजर ट्रेन से उसकी बाइक टकरा गई। सौभाग्य से युवक समय रहते कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।घटना देखकर ट्रेन चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को बीच पुल पर रोक दिया। इसके बाद चालक और गार्ड ने युवक को मौके से हिरासत में लेकर ट्रेन में बैठाया और आगे स्टेशन पर ग्वारीघाट रेलवे पुलिस बल (RPF) के सुपुर्द कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर ट्रेन की गति अधिक होती तो यह हादसा बड़ी त्रासदी में बदल सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्वारीघाट रेलवे पुल से लोग अक्सर दोपहिया वाहन लेकर गुजरते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से इस पर रोक लगाने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
