
सीधी। रक्षाबंधन से पहले सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम सपही बांध के पास सोमवार को तेज रफ्तार बस और ऑटो की जोरदार भिड़ंत में स्कूल जा रहे तीन बच्चे घायल हो गए। हादसे में 10 वर्षीय सगुन साकेत की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका 8 वर्षीय भाई वस्तिक साकेत गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी-मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। तीसरी बच्ची सुरभि साकेत को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम सपही निवासी सुखेंद्र साकेत के बेटे वस्तिक साकेत और बेटी सगुन साकेत सोमवार सुबह करीब 10 बजे ऑटो से सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी स्कूल जाने के लिए निकले थे। उनके साथ मलखम गांव निवासी 6 वर्षीय सुरभि साकेत भी ऑटो में सवार थी। कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि सपही बांध के पास बस और ऑटो की भीषण भिड़ंत हो गई है।
बताया जा रहा है कि पोखरा से सीधी की ओर आ रही पवन कोच बस की ऑटो से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सगुन साकेत ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके भाई वस्तिक की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद से वस्तिक बेहोशी की हालत में है और कई घंटों से उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बेटी की मौत और बेटे की गंभीर हालत की खबर सुनकर पिता सुखेंद्र साकेत सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन के पर्व से ठीक पहले भाई-बहन के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
