नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सभ्यता के गौरव का प्रतीक है।
श्रीमती गुप्ता ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ आज यहां ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने सफदरजंग रेलवे स्टेशन से करीब 1400 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। यह यात्रा ‘1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि नयी दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शिवमय शुभारंभ हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा के साथ यात्रियों से भेंट कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कालजयी सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है। भारतीय आस्था में सद्भावपूर्ण एकता का प्रवाह निहित है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सभ्यता के गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और आस्था का उत्सव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और अयोध्या में राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने भारतीय संस्कृति को नयी पहचान और ऊर्जा दी है। यह यात्रा उसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। दिल्ली सरकार नागरिकों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की पहल जारी रहेगी।
इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों, बेटियों और सभी श्रद्धालुओं के लिए सदैव समर्पित है। सरकार का यह प्रयास केवल एक यात्रा की व्यवस्था भर नहीं, बल्कि नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण संकल्प है। भगवान सोमनाथ से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और सफल हो। वे अपने परिवारों और राष्ट्र की समृद्धि के लिए जो भी मनोकामनाएं लेकर जा रहे हैं, भगवान उन्हें अवश्य पूर्ण करें।
