जबलपुर: आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर (ईओडब्ल्यू) ने फर्जी हस्ताक्षर कर सात करोड़ से अधिक का गबन करने वाले चार पार्टनरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।ईओडब्ल्यू सूत्रोंं से मिली जानकारी के मुताबिक गिरीश पाण्डेय पिता स्व. नर्मदा प्रसाद पाण्डेय निवासी विजय नगर, ज्वाय हायर सेकेण्डरी स्कूल के पास ने धोखाधड़ी, कपटपूर्वक पैसा हड़पने और पार्टनरों के फर्जी हस्ताक्षर कर गबन किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि रजिस्ट्रार फक्स एण्ड सोसायटी में पंजीकृत फर्म के. पी. बिल्डर्स एण्ड प्रमोटर्स के मंगल प्रसाद पटेल, गिरीश पाण्डे, विनय दुबे, नरेन्द्र अग्रवाल पार्टनर थे।
फर्म का पंजीयन 28 अप्रैल 2014 को किया गया था। कालांतर में नरेन्द्र अग्रवाल इस फर्म से अलग हो गये। के.पी. बिल्डर्स का खाता केनरा बैंक सदर केन्ट ब्रांच में संचालित था जिसमे 3 सिनेटरी थे, मंगल पटेल, गिरीश पाण्डे एवं विनय दुबे थे। इनके द्वारा के. पी. बिल्डर्स एण्ड प्रमोटर्स के नाम पर कालोनी विकास की अनुमति पाकर कछपुरा के कुल रकवा 3.0415 है. की प्राप्त की गई। विकास के लिये कराये गये कार्य कुल 3, 05, 00, 000. 00 रुपये जमा किया गया किंतु विनय दुबे द्वारा प्रस्तुत बेलेंस सीट में उसे 9, 22, 03, 928 रूपए बताया है।
के. पी. बिल्डर्स के खातों के अध्ययन से यह भी पता चला कि फर्म में काम करने के नाम पर अपने नौकर आकाश साहू के खाते में 36, 85, 000 रूपए चेक के माध्यम से सीमेंट, ईट, रेत, मुरुम क्रय के नाम पर डलवा दिये इसी प्रकार अपने साथी धर्मप्रकाश के खातें में मुरुम, सीमेंट, लोहा, आदि के खर्चे के नाम पर राशि 62, 74, 680 रूपए डलवा लिये धर्मप्रकाश के भाई अमित राजपूत के खाते में राशि 39, 56, 200 रूपए रेत खरीदी के नाम पर डलवाये जाना खातों में दर्शित हो रहा है। अपने पार्टनर्स को धोखे में रखकर नगर निगम के कार्य के लिए कुल राशि 6, 17, 03, 928 रूपए अधिक निकाले, राशि 1, 39. 15, 880 रूपए गिट्टी, मुरुम, रेत, लोहा, सीमेंट आदि के नाम पर अपने परिचित व नौकर के नाम दर्शाकर उनके खातों में राशि जमा करा दी।
षड्यंत्र रचकर धोखाधड़ी कर अपने पार्टनर्स से कुल राशि 7, 56, 19, 808 रूपए गबन किया। शिकायत पर विनय दुबे पिता शिव नारायण दुबे निवासी गढ़ा पार्टनर, के. पी. बिल्डर एवं प्रमोटर, आकाश उर्फ गोलू साहू पिता अनिल कुमार साहू निवासी गढ़ा पुरवा, त्रिपुरी चौक, धर्मप्रकाश राजपूत पिता लाल सिंह राजपूत निवासी गंगा नगर, सिद्धेश्वर मंदिर के पीछे, अमित राजपूत पिता लाल सिंह राजपूत के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
