ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेले में वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों और आटोमोबाइल कारोबारियों के लिए आज मंगलवार को अच्छी खबर मिल सकती है। मेले में वाहनों पर मिलने वाली 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट का आज इंतजार खत्म होने की उम्मीद है। सबकी नजरें आज दोपहर होने वाली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक पर टिकी हैं। ग्वालियर व्यापार मेला के साथ ही उज्जैन मेला में वाहन खरीददारों को आज बड़ी राहत मिल सकती है।
ऑटोमोबाइल कारोबारियों को उम्मीद थी कि मेले के शुभारंभ अवसर 25 दिसंबर को ही रोड टैक्स छूट की घोषणा हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके बावजूद कारोबारी और ग्राहक आशान्वित हैं कि जनवरी में सरकार यह राहत देगी, जिससे मेले में वाहनों की बिक्री रफ्तार पकड़ेगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्वालियर व्यापार मेले में वाहन खरीदी पर 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट देने का आग्रह कर चुके हैं। वहीं आरटीओ टैक्स में छूट को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बीते दिनों केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की थी।
