
इंदौर: एमआईजी थाना क्षेत्र में डिजिटल फ्रॉड और सायबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक को अपना मोबाइल फोन अपडेट करना उस समय बेहद भारी पड़ गया, जब पलक झपकते ही उसके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1 लाख 16 हजार रुपये पार हो गए। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई। एमआईजी थाना पुलिस ने अज्ञात सायबर अपराधियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड की यह सनसनीखेज वारदात फरियादी मनीष पिता विनोद पटवा निवासी सोमनाथ की नई चाल के साथ हुई है। फरियादी मनीष ने पुलिस को बताया कि वे अपने घर पर सामान्य रूप से मोबाइल चला रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर अपडेट का नोटिफिकेशन आया। उन्होंने जैसे ही फोन को अपडेटिंग पर डाला, उसके कुछ ही देर बाद उनका फोन प्रोसेस में चला गया।
इसके बाद दोपहर करीब 02:00 बजे जब मनीष ने अपना मोबाइल फोन दोबारा चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके मोबाइल पर बैंक खातों से पैसे कटने के लगातार कई मैसेज आ चुके थे।शातिर सायबर ठगों ने मनीष के फोन को रिमोट एक्सेस पर लेकर या किसी मैलवेयर के जरिए उनके दो बैंकों के खातों में सेंध लगा दी। ठगों ने पीड़ित के कोटक महिंद्रा बैंक के खाते से क्रमशः 15,000 और 20,000 की राशि निकाली, जबकि उनके एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते से एक बार में ही 81,000 उड़ा दिए। इस तरह जालसाजों ने मनीष के खातों से कुल एक लाख सोलह हजार रुपये की राशि ट्रांसफर कर धोखाधड़ी को अंजाम दे डाला।
