इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र में मायके में फंदे पर झूलकर आत्महत्या करने वाली एक महिला के मामले में पुलिस ने घटना के करीब एक महीने बाद, विस्तृत मर्ग जांच, सुसाइड नोट और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतिका के पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। आरोपी पक्ष खरगोन जिले के कसरावद का रहने वाला है, जो शादी के बाद से ही मृतिका को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि घटना अंजनी नगर की है, यहाँ रहने वाली सीमा जैन ने गत 19 मई को अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। विवाहिता द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद विजय नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विस्तृत जांच में लिया था। चूंकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने हर पहलू को बारीकी से खंगाला।
मृतिका सीमा जैन की मौत के बाद पुलिस द्वारा की गई मर्ग जांच में कई चौंकाने वाले और पुख्ता साक्ष्य सामने आए। पुलिस को जांच के दौरान मृतिका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष की प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया था।इसके साथ ही मृतिका के मायके पक्ष और अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयानों से यह पूरी तरह स्पष्ट हुआ कि सीमा जैन को उसके पति अमन जैन और सास सुनीता दोनों निवासी: कसरावद, जिला खरगोन द्वारा लगातार कम दहेज लाने की बात को लेकर ताने दिए जाते थे और प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष की इसी रोज-रोज की यातना और गंभीर प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार सीमा ने मायके में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
