इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र में राजवाड़ा से सिटी बस से लौट रहे एक बुजुर्ग ने जब गेट पर खड़े युवक से अपना स्टॉप आने पर थोड़ा साइड होने का अनुरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। बस से उतरते ही आरोपी ने बुजुर्ग का कॉलर पकड़ा और उनके साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उनका सिर पीछे खड़ी एक बोलेरो पिकअप से टकरा दिया, जिससे बुजुर्ग लहूलुहान हो गए। राऊ थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि मारपीट की वारदात फरियादी भूरेलाल पिता छोगालाल जाटव (63)निवासी बाड़ी मोहल्ला, राऊ के साथ हुई है। बुजुर्ग भूरेलाल ने थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाते हुए पुलिस को बताया कि वे राजवाड़ा क्षेत्र से अपने घर लौटने के लिए सिटी बस में सवार हुए थे। जब बस राऊ में उनके स्टॉप के पास पहुंचने वाली थी, तब वे उतरने के लिए बस के गेट के पास आए। वहाँ गेट पर एक युवक पहले से खड़ा था। भूरेलाल ने उसे शालीनता से कहा किमेरा स्टॉप आने वाला है, तुम थोड़ा साइड में खड़े हो जाओ ताकि मैं उतर सकूं।बुजुर्ग की यह साधारण सी बात बस के गेट पर खड़े युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने मन में रंजिश पाल ली।
जैसे ही बुजुर्ग भूरेलाल बस से नीचे उतरे, वह लड़का भी उनके पीछे-पीछे बस से नीचे उतर गया और सरेराह उन्हें गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब बुजुर्ग ने उसे गालियां देने से मना किया और समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव, सीधे बुजुर्ग का कॉलर पकड़ लिया।आरोपी ने बुजुर्ग भूरेलाल को सरेराह हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीछे की तरफ धकेलने लगा। इसी दौरान आरोपी ने बुजुर्ग को इतनी जोर से धक्का दिया कि उनका सिर पीछे खड़ी एक बोलेरो पिकअप गाड़ी से जा टकराया। सिर में तेज टक्कर लगने के कारण खून बहने लगा और बुजुर्ग वहीं गिर पड़े। आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी मौके से भाग निकला।
