सिलवानी: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायसेन जिले के अतिवृष्टि प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम बम्होरी, पडरिया जोड़, बरदहा बम्होरी जोड़, साईं खेड़ा और सिलवानी में बारिश से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा को नजदीक से समझा। शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों संकट की इस घड़ी में किसानों और ग्रामीणों के साथ हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर पीड़ित तक मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है और कोई भी खुद को अकेला न समझे। दौरे के दौरान मंत्री ने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों को शीघ्रता से संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी ताकि वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
