
दमोह। एक पहल मानवता की ओर अभियान के अंतर्गत थ्री सिस्टर्स द्वारा अस्पताल के पीएनसी वार्ड में पोषण आहार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व संतुलित आहार को लाइव प्रदर्शित कर मरीजों और उनके परिजनों को स्वस्थ जीवन में इनके महत्व और उपयोग की जानकारी दी गई।आयोजन का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में भर्ती हितग्राहियों व उनके परिजनों को संतुलित और पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करना तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही खान-पान की आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रदर्शनी के दौरान अलग-अलग पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और बताया गया कि बीमारी से उबरने तथा शरीर को स्वस्थ रखने में उचित पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल ने मरीजों व उनके परिजनों को पौष्टिक और संतुलित आहार के महत्व के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि उचित पोषण स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ बीमारी से जल्द उबरने की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में पौष्टिक आहार को शामिल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का आयोजन नसीमा बेगम, बबीता चौबे व नम्रता द्विवेदी द्वारा सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में डॉ. त्रिवेदी एवं डॉ. गंगेले का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।पोषण आहार प्रदर्शनी में अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ, मरीजों व उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने के लिए दवाओं के साथ-साथ सही और पौष्टिक खान-पान को भी अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
