जबलपुर: बुधवार को नगर निगम कांग्रेस पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक गोलबाजार स्थित सचेतक कांग्रेस पार्षद दल कार्यालय में संपन्न हुई। इस दौरान सचेतक कांग्रेस पार्षद दल अयोध्या तिवारी ने कहा कि नगर निगम सत्ता के महापौर और नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ी बड़ी डींगें हाँकने में लगा है जबकि जमीनी हकीकत बद से बदतर है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में फैली अराजकता ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि जगत बहादुर सिंह अन्नू साहब के नेतृत्व में नगर निगम में काबिज़ सत्ता और नगर निगम प्रशासन गहरी नींद में सो रहे हैं लेकिन हम उन्हें जगाना जानते हैं। विपक्ष चुप नहीं बैठेगा, हम प्रशासन को आईना दिखाएंगे और जनता के हक की लड़ाई सड़कों पर लड़ेंगे। इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता गुड्डू नबी ने कहा कि ना ही वार्ड में कचरा गाड़ी आ रही है, ना ही जगह-जगह गंदगी के लगे अंबार उठाए जा रहे हैं और सफाई के नाम पर तो सिर्फ खानापूर्ति हो रही है जिससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। हम जनता की इस पीड़ा को प्रशासन तक पहुँचाने और व्यवस्था में सुधार लाने के लिए संकल्पित हैं।
आने वाले दिनों में होगा आंदोलन
सचेतक अयोध्या तिवारी ने इस मौके पर कहा कि हम बहुत जल्द एक बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं और नवरात्रि के ठीक बाद इस आंदोलन का आ$गाज़ किया जायेगा। इसी संदर्भ में आज की ये रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता गुड्डू नबी, पार्षद संतोष दुबे, अदिति अतुल बाजपेयी, रितू राजेश यादव, हर्षित यादव, सतेन्द्र गुड्डा चौबे, अनुपम जैन, राकेश पांडे, प्रमोद पटेल, गार्गी रामकुमार यादव, लक्ष्मी लक्ष्मण गोंटिया, गुड्डू तामसेतवार, विनोद पटेल लोधी उपस्थित थे।
