
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि यह वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण और संगठन को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित होकर हर चुनौती का सामना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने धारा 370 हटाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित हुई और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने साकार हुए। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के कौशल विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित राजनीति करती है, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग का उत्थान और समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
