साउथम्पटन, 11 जुलाई (वार्ता) सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (131) के आतिशी शतक और उनकी कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 95) के साथ दूसरे विकेट के लिए 233 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी 20 में शनिवार को तीन विकेट पर 257 रन का रिकॉर्ड स्कोर बना लिया।
बटलर ने 64 गेंदों पर 12 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी खेली। बटलर और हैरी ब्रूक ने दूसरे विकेट के लिए 233 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। शिवम दुबे ने 19वें ओवर में हालांकि 22 रन दिए लेकिन दो विकेट भी चटकाए।
प्रिंस यादव की गेंद पर ब्रूक ने चौका मारकर इंग्लैंड को 250 के पार पहुंचाया। पहली बार इस प्रारूप में इंग्लैंड ने भारत के ख़िलाफ़ 250 का आंकड़ा पार किया।
पहले गेंदबाजी करने उतरे भारत को फ़िल सॉल्ट के रूप में जल्दी ही शुरुआती सफलता मिल गई लेकिन इसके बाद हैरी ब्रूक और जोस बटलर ने इंग्लैंड की पारी को गति दे दी। ब्रूक ने 19 गेंदों पर इस प्रारूप में अपना सबसे तेज़ अर्धशतक पूरा किया जबकि जॉस बटलर ने 34 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। बटलर ने इस प्रारूप में 18 पारियों बाद अर्धशतक लगाया और बात सिर्फ़ यहीं समाप्त नहीं हुई, उन्होंने 51 गेंदों पर अपना शतक भी पूरा किया और ब्रूक के साथ दूसरे विकेट के लिए 233 रनों की विशालकाय साझेदारी भी की। ब्रूक 45 गेंदों में चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से 95 के स्कोर पर नाबाद रहे और इंग्लैंड ने पहली बार टी20 में भारत के ख़िलाफ़ 250 का आंकड़ा पार किया।
बटलर ने 16वें ओवर में शानदार शतक पूरा किया, जबकि ब्रुक ने नाबाद 95 रन बनाए और ज़बरदस्त पावर-हिटिंग का नमूना पेश किया। खराब फील्डिंग ने भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई कैच छूटे, जिससे दोनों बल्लेबाजों को मिले मौकों का पूरा फायदा उठाने का मौका मिला। गेंदबाजों ने मौके तो बनाए, लेकिन एक बार फिर – जैसा कि पूरी सीरीज़ में होता रहा है – फील्डरों से साथ न मिलना भारी पड़ा।
