
इंदौर. शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में किराये के मकान में देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है. अशोक नगर के एक मकान में पुलिस ने दबिश दी तो वहां ग्राहक और महिलाएं मिलीं. जांच में सामने आया कि मकान में रहने वाली महिला अपने भाई के साथ मिलकर बाहर से युवतियां बुलाती थी और परिचित लोगों को ग्राहक के रूप में मकान पर बुलाकर देह व्यापार कराती थी. पुलिस ने भाई-बहन सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
मामला मकान नंबर 636-बी का है, बुधवार को उपनिरीक्षक रूपाली श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रही थीं. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मकान में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है और वहां कुछ ग्राहक भी मौजूद हैं. सूचना पर पुलिस टीम पंचों के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही दरवाजे पर मौजूद एक महिला अंदर की ओर भाग गई. टीम ने मकान में प्रवेश किया तो बाहर के कमरे में दो पुरुष और एक महिला मिले. अंदर के बेडरूम में एक पुरुष और महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले. पुलिस ने उन्हें कपड़े पहनने के लिए कहा. इस दौरान भागी हुई महिला बाथरूम में छिप गई, जिसे बाहर बुलाकर पूछताछ की गई. महिला की पहचान काजल पति चमन सिंह सिसोदिया उम्र 40 साल के रूप में हुई. पूछताछ में पता चला कि वह अपने भाई महेंद्र के साथ मिलकर बाहर से लड़कियां बुलाती थी और आसपास के परिचित लोगों को मकान पर बुलाकर देह व्यापार कराती थी. पुलिस ने काजल, उसके भाई महेंद्र, अनिकेत, मनीष और विजय को गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गतिविधि में और कौन लोग शामिल थे तथा बाहर से युवतियां कहां से बुलाई जाती थीं. वहीं पूरे मामले में एडीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि पांच लोगों को पकड़ा है, शुरुआती जांच में भाई-बहन द्वारा बाहर से युवतियां बुलाकर देह व्यापार संचालित करने की बात सामने आई है, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
