मंदसौर से सस्ते दाम में एमडी खरीदकर इंदौर-उज्जैन में बेचता था, 20 ग्राम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

इंदौर. मंदसौर से सस्ते दामों में एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में महंगे दामों पर बेचने वाले एक तस्कर को कनाड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी कार के डैशबोर्ड में ड्रग्स छिपाकर ले जा रहा था. पुलिस ने तलाशी में 20 ग्राम एमडी बरामद की है. आरोपी की कार सहित करीब चार लाख रुपए का माल जब्त किया है.

पुलिस ने बुधवार को टीपीएस 5 के पीछे चोरबावड़ी के पास मुख्य मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो कार में संदिग्ध हालत में बैठे व्यक्ति को देखा. पूछताछ में उसने अपना नाम अफजल पिता हाजी नवाब खान उम्र 39 साल, निवासी ग्राम नगरी, तहसील दलोदा, जिला मंदसौर बताया. पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में हल्के भूरे रंग का पाउडर मिला. जांच में यह एमडी ड्रग्स निकली. पुलिस ने 20 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए है, और घटना में इस्तेमाल ऑल्टो कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि आरोपी मंदसौर से कम कीमत पर एमडी खरीदकर इंदौर और उज्जैन में महंगे दामों पर बेचता था. आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट और गाली-गलौज के तीन मामले भी दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं. पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर उसके संपर्कों और नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी. एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर एमडी की खरीद और बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नशे की सप्लाई करने वालों से लेकर इसे खरीदने वालों तक की कड़ी खंगाली जाएगी. इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

इंडिगो दिल्ली से कुआलालंपुर के लिए शुरू करेगी दैनिक उड़ान

Thu Nov 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) देश की अग्रणी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने वर्षांत की छुट्टियों से पहले दिल्ली से दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए अपनी कनेक्टिविटी का विस्तार करने की घोषणा की है। एयरलाइंस ने गुरुवार को बताया कि वह 20 दिसंबर से दिल्ली और मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर के […]

You May Like