देश के प्रमुख धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक भी हैं. अयोध्या का श्रीराम मंदिर, अमृतसर का स्वर्ण मंदिर, उज्जैन का महाकालेश्वर,काशी विश्वनाथ, मथुरा, वैष्णो देवी, सबरीमाला, तिरुपति का श्री वेंकटेश्वर मंदिर और अजमेर की विश्व प्रसिद्ध दरगाह जैसे स्थलों पर प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान केवल धनराशि नहीं होता, बल्कि उनकी श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का प्रतीक होता है. इसलिए इन संस्थानों की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक होनी चाहिए.बहरहाल, अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानपात्र से चढ़ावे में कथित गबन का मामला अत्यंत गंभीर है. यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है. ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न केवल संबंधित संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित करती है, बल्कि पूरे धार्मिक तंत्र पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर देती है.
संतोष की बात यह है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले को हल्के में नहीं लिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिकायत सामने आने के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए. जांच के दौरान वित्तीय प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां सामने आईं और नियमों के उल्लंघन का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा नकदी भी बरामद की. इससे स्पष्ट संदेश गया कि चाहे मामला कितना भी संवेदनशील क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है.
योगी आदित्यनाथ सरकार का यह रवैया इसलिए भी सराहनीय है क्योंकि उसने मामले को दबाने या टालने के बजाय जांच को प्राथमिकता दी. यदि किसी धार्मिक संस्था में भ्रष्टाचार या अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच ही उस संस्था की विश्वसनीयता को बचा सकती है. दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई से श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत होता है, कमजोर नहीं.
साथ ही, यह भी उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट ने स्वयं जांच में सहयोग किया और श्रद्धालुओं को यह भरोसा दिलाया कि बहुमूल्य आभूषण एवं अन्य चढ़ावे सुरक्षित हैं. इससे यह संदेश भी जाता है कि पारदर्शिता अपनाने से संस्थाओं की गरिमा बढ़ती है.
अब समय आ गया है कि देश के सभी बड़े धार्मिक स्थलों पर दान प्रबंधन की व्यवस्था पूरी तरह तकनीक आधारित बनाई जाए. दानपात्रों की निगरानी, सीसीटीवी फुटेज का सुरक्षित संरक्षण, नियमित ऑडिट, डिजिटल रिकॉर्ड, स्वतंत्र लेखा परीक्षण और समय-समय पर सार्वजनिक वित्तीय विवरण जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य की जानी चाहिए. इससे न केवल अनियमितताओं पर रोक लगेगी, बल्कि श्रद्धालुओं का भरोसा भी और मजबूत होगा.
धार्मिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा उनकी भव्यता से नहीं, बल्कि उनकी ईमानदार और पारदर्शी व्यवस्था से बनती है. श्रद्धालु जिस विश्वास के साथ अपना अर्पण करते हैं, उसकी रक्षा करना ट्रस्टों और प्रशासन दोनों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. अयोध्या की घटना एक चेतावनी भी है और एक अवसर भी कि देश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं की समयबद्ध समीक्षा हो तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. आस्था तभी अक्षुण्ण रहेगी, जब उसके साथ ईमानदारी और जवाबदेही भी उतनी ही दृढ़ता से जुड़ी होगी.
