
ग्वालियर। मध्यप्रदेश सनाढ्य सभा, रामकुई, ग्वालियर के प्रान्ताध्यक्ष का चुनाव आगामी 20 सितम्बर को होगा । इस सम्बंध में विस्तृत जानकारी सभा के अध्यक्ष किशन मुदगल और निर्वाचन अधिकारी रामबाबू कटारे ने पत्रकारों को देते हुए बताया कि प्रान्ताध्यक्ष का निर्वाचन संस्था के पंजीकृत विधान अनुसार किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सनाढ्य सभा रामकुई क्षेत्र की सबसे प्राचीन संस्था है। संस्था विधिवत पंजीकृत है। सीमित सदस्यों से प्रारंभ हुई इस संस्था में वर्तमान में चार हजार एक सौ इक्यावन सदस्य हैं जो इस संगठन के विस्तृत स्वरूप का परिचायक है।
संस्था का कार्यालय रामकुई पर अपने निजी “सनाढ्य भवन” में है। निर्वाचन का कार्यालय भी “सनाढ्य भवन” रामकुई रहेगा। संस्था की विशाल सदस्य संख्या देखते हुए “सनाढ्य भवन” पर निर्वाचन कराया जाना संभव नहीं है। अतः निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया स्थानीय फूलबाग स्थित मानस भवन में 20 सितंबर को होगी । इसी दिन मतदान पूर्ण होने के उपरांत दो घंटे बाद मानस भवन पर ही मतगणना प्रारंभ होकर उसी रात्रि तक परिणाम घोषित कर दिया जायेगा। निर्वाचन प्रक्रिया को सफलता पूर्वक करने के लिए वरिष्ठ सदस्य बद्री नारायण शुक्ल एवं ऋषिकेशदत्त मिश्रा एडवोकेट को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान केंद्र पर पाँच बूथ बनाये जायेंगे जो सदस्यों को उनके सदस्यता क्रमांक के अनुसार मतदान प्रक्रिया में सहायक होंगे। इसी प्रकार पाँच पीठासीन अधिकारी मतदान केंद्र में रहेंगे जो मतदाता के क्रमांक के अनुसार मत-पत्र उपलब्ध कराएंगे । मतदान हेतु भी पाँच बूथ रहेंगे। मतदान केंद्र में केवल मतदाताओं को ही प्रवेश मिलेगा मतदाता को अपना पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा । मतदान प्रक्रिया के लिए अधिकृत सहयोगी सदस्य एवं प्रत्याशियों के दो-दो प्रतिनिधियों को निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर युक्त विशेष पहचान-पत्र जारी किये जाएंगे। प्रक्रिया में सहयोगी के रूप में अधिवक्ता का सहयोग लेने का प्रयास किया जायेगा। कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा हेतु प्रशासन से सहयोग लिया जायेगा।
