संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ

आलीराजपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर जिले में समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री श्री नागरसिंह चौहान द्वारा संत श्री गुरु रविदास जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में रहते हुए भी अपने कर्म को कभी छोटा नहीं माना। वे चमड़े से जूते बनाने का कार्य करते थे, लेकिन अपनी महान वाणी, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से समाज को नई दिशा दी। उनकी वाणी से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग उनके अनुयायी बने।

 

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें भी अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेना चाहिए। उनके संदेश में समानता, भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का भाव निहित है। समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।

 

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बड़ी संख्या में छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1900 से अधिक अनुसूचित जाति छात्रावासों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी रहकर अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में 6 छात्रावास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें। विद्यार्थियों को दिल्ली तक उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे शिक्षित बनें, समझदार बनें और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार करें। यह अभियान तभी सफल होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति इसमें सहभागी बने और संत रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाए ।

 

इस दौरान कलेक्‍टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि कलश वंदन यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जनजागरण का माध्यम है। इसके माध्यम से संत रविदास जी के विचारों, उनके सामाजिक समरसता के संदेश और उनके आदर्शों को गांव-गांव तक पहुचाना है , यह यात्रा जिले में 20 अगस्‍त से 10 सितम्‍बर 2026 तक निर्धारित मार्ग एवं चरणबद्ध तरीके से सर्म्‍पूण जिले में भ्रमण करेगी ।

 

इस दौरान मंत्री श्री चौहान ने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि हम सभी यह संकल्प लें कि स्वयं शिक्षित बनेंगे और अपने परिवार के साथ-साथ समाज के उत्थान में भी सक्रिय योगदान देंगे। संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, समानता और समरसता को मजबूत करने के लिए सभी मिलकर कार्य करें। इस दौरान मंत्री श्री चौहान ने संत हेमन्‍त चौकीय , संत सुरसिंह सस्‍तिया , श्री रामू तिनक , श्री लोकेन्‍द्र सोलंकी सहित अन्‍य वरिष्‍ठजना काे शॉल-श्रीफल एवं फुल गुच्‍छ देकर कर सम्‍मानित किया ।कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री श्री चौहान एवं कलेक्‍टर श्रीमती नीतू माथुर ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Next Post

पुलिस ने हत्या का 10 घंटे में किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार 

Thu Aug 20 , 2026
रतलाम। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम साग्लाखो में खेत में भेड़ घुसने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में 60 वर्षीय मंगला पिता कानजी भाभर गंभीर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों […]

You May Like