
रतलाम। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम साग्लाखो में खेत में भेड़ घुसने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में 60 वर्षीय मंगला पिता कानजी भाभर गंभीर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के करीब 10 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5.30 बजे ग्राम साग्लाखो में 8 लाइन के पास स्थित खेत की है। पुलिस के अनुसार सुखराम पिता मंगला भाभर के खेत में सोयाबीन की फसल लगी थी। खेत में भेड़ें घुसने पर सुखराम ने भेड़ चराने वालों से आपत्ति की। इसी बात को लेकर हराजी रेबारी, सोनाराम रेबारी, राजाजी रेबारी सहित अन्य लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपियों ने सुखराम और उसके साथ मौजूद मंगला भाभर के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद शिवगढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल मंगला को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस भी बढ़ाई।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने साग्लाखो के आसपास के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग की। लगातार तलाश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की घटना में संलिप्तता सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों में हराजी पिता लालाजी रेबारी (50), निवासी ग्राम गिरवर, थाना गुड़ा, जिला पाली; सोनाराम उर्फ सुनाराम पिता पौसाजी रेबारी (27), निवासी ग्राम कुरना, थाना गुड़ा, जिला पाली; राजाजी पिता भानाजी रेबारी (50), निवासी ग्राम किरवा, थाना गुड़ा, जिला पाली; हमीराराम पिता लालारामजी रेबारी (30), निवासी ग्राम नयागांव, थाना गुड़ा, जिला पाली तथा तेजाजी उर्फ तेजाराम पिता जापाजी खोरी (45), निवासी ग्राम लापूर, तहसील वाली, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन ठोस बांस के डंडे और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
कार्रवाई एसपी अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना एवं पुलिस टीम ने की।
