देहरादून | मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) के पारिवारिक विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। अनुराग के भाई अतुल डोभाल, जिन्हें ‘कलाम इंक’ के नाम से जाना जाता है, ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अनुराग के आरोपों का खंडन किया है। अनुराग की पत्नी रितिका को किचन में जाने से रोकने के आरोप पर सफाई देते हुए अतुल ने कहा कि उस वक्त घर में एक दुखद घटना हुई थी। हिंदू परंपराओं के कारण केवल मिठाई और तली हुई चीजें बनाने की मनाही थी, जिसे गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने अनुराग द्वारा वायरल की गई ऑडियो क्लिप को भी ‘एडिटेड’ बताया और दावा किया कि अनुराग ने माता-पिता को उकसाया था।
अतुल डोभाल ने संपत्ति हड़पने और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के गंभीर आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि यह साबित हो जाए कि उन्होंने भाई की संपत्ति का एक हिस्सा भी लिया है, तो वे किसी भी सजा के लिए तैयार हैं। मनाली जाकर अनुराग को धमकाने के दावों पर उन्होंने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से वहां गए ही नहीं हैं और अपने मोबाइल का GPS डेटा सबूत के तौर पर पेश कर सकते हैं। अतुल के अनुसार, उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और केवल उनकी छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर इस जुबानी जंग के बीच अतुल ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका आरोप है कि अनुराग के लाइव वीडियो के बाद उनके घर के बाहर भीड़ जमा हो गई थी और उन्हें व उनके माता-पिता को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने फैंस से अपील की है कि वे पूरी सच्चाई जाने बिना किसी निष्कर्ष पर न पहुँचें। फिलहाल दोनों भाइयों के बीच का यह निजी झगड़ा अब सार्वजनिक हो चुका है, जिससे डोभाल परिवार के प्रशंसक भी दो गुटों में बँट गए हैं और विवाद सुलझने के बजाय और उलझता दिख रहा है।

