मुंबई | बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहे तनाव पर उनकी बेटी टीना आहूजा ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। विमेंस डे के मौके पर अपनी मां के यूट्यूब व्लॉग में शामिल हुईं टीना ने स्वीकार किया कि पिछला कुछ समय उनके परिवार के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। टीना ने कहा कि पिछले दो सालों में उन्होंने और उनके परिवार ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर तलाक की अफवाहों पर कुछ नहीं कहा, लेकिन उनके इस बयान ने साफ कर दिया है कि गोविंदा और सुनीता के बीच सब कुछ सामान्य नहीं है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में गोविंदा के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का संकेत देते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि गोविंदा का एक कम उम्र की अभिनेत्री के साथ रिश्ता रहा है। इसी व्लॉग में सुनीता ने अपने मन की बात साझा करते हुए कहा कि अब तक उन्होंने परिवार की सारी जिम्मेदारियां निभाई हैं, लेकिन अब वह केवल अपने लिए जीना चाहती हैं। उनके इस बयान ने फैंस के बीच उनके और गोविंदा के अलग होने की अटकलों को और हवा दे दी है।
दूसरी ओर, गोविंदा ने पत्नी द्वारा लगाए गए इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अभिनेता का कहना है कि उनके करियर के दौरान उन पर कई बार कीचड़ उछाला गया है, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी छवि साफ रखने की कोशिश की है। गोविंदा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कई सह-कलाकारों के साथ काम किया, पर किसी के साथ उनका रिश्ता पेशेवर मर्यादा से बाहर नहीं रहा। फिलहाल, टीना आहूजा का अपनी मां के साथ खड़े होना और परिवार की मुश्किलों को स्वीकार करना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

