ग्वालियर:सीपी कॉलोनी में पंजीयन विभाग से सेवानिवृत्त सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा के घर ईडी के छापे के बाद अरोरा दंपत्ति सुबह घर आ गए। ईडी की टीम रात करीब 11:15 बजे अरोरा के घर से चली गई थी।ईडी ने रात में ही सराफा बाजार से सोने के वेल्युअर को बुलाकर अरोरा के घर पर मिले सोने के आभूषणों का वेल्युएशन कराया। घर आने के बाद अरोरा से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने छापे के संबंध में कुछ भी बात नहीं की। अरोरा, सौरभ शर्मा के रिश्तेदार विनय हसांवनी के बिजनेस पार्टनर हैं।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार अरोरा के यहां सोने की मूर्ति भी मिली हैं। इसी के वेल्युएशन के लिए रजिस्टर्ड वेल्युअर को बुलाया गया था। घर से लगभग आधा सैकड़ा रजिस्ट्रयां मिलने की भी सूचना है। बताया यह भी गया है कि ईडी ने केके अरोरा के घर पर छापा विनय के जमीन कारोबार की पुष्टि के लिए मारा था। अरोरा व विनय के एक अन्य साझेदार के नाम की रजिस्ट्री मिलने की बात सामने आ आई है। केके अरोरा दोपहर में कुछ पड़ोसियों से मिले और उन्हें बताया कि उनका काम तो साफ था, विनय के चक्कर में गलत फंसकर बदनाम हो गए।
