
तलेन। सोमवार की सुबह तलेन में उस समय अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब नगर के इकलेरा चौराहा पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोर की टक्कर मार दी, इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गये, इनमें तीन-चार को गंभीर चोट आने पर बाहर रेफर किया गया है. जिस चौराहा पर यह दुर्घटना हुई वह पूरी तरह अव्यवस्थाओं से घिरा हुआ है. दुर्घटना के बाद प्रशासन जागा और चौराहा से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाई शुरु की.
जानकारी के अनुसार तलेन पचोर-आष्टा रोड पर स्थित इकलेरा चौराहा पर यह सडक़ दुघर्टना हुई. तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी बस को जोर की टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 14 यात्री घायल हो गये. घायलों को शासकीय एवं निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बाहर भेजा गया. बस में लगभग 22 यात्री सवार थे.
शिवशक्ति ट्रेवल्स की बस क्रमांक एम.पी.09, पी.ए. 0229 जो कि इकलेरा की और से आकर इंदौर तरफ जा रही थी जैसे ही बस तलेन के इकलेरा चौराहा पर आयी प्रात: 8 बजे के लगभग शुजालपुर तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक यू.पी. 77, ए.टी. 6656 ने बस को जोर की टक्कर मार दी. टक्कर होते ही चीख-पुकार मच गई, लोग यात्रियो के बचाव के लिए दौड़ पड़े.
स्वयं के वाहन से पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी लगते ही नायब तहसीलदार मनोज शर्मा, थाना प्रभारी राकेश दामले मौके पर पहुंचे. कुछ घायलों को नायब तहसीलदार ने अपने वाहन से शुजालपुर पहुंचाया.
घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े लोग
दुर्घटना की जानकारी लगते ही आसपास मौजूद लोग घायलों के बचाव तथा उन्हें तुरंत अस्पताल तक पहुंचाने दौड़ पड़े. सभी सभी समुदाय के लोग घायलों की मदद के लिए आगे आये और वाहन से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. घायलों को शासकीय एवं प्राइवेट अस्पतालों में लेकर गए. दुर्घटना के समय देखने मैं आया कि सभी समाज के लोगों, विभिन्न संगठनों के लोगों ने आगे आकर घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की. तलेन पुलिस द्वारा भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की एवं आवागमन को सुचारु किया.
काफी समय तक नहीं आयी एम्बुलेंस
दुर्घटना की तुरंत जानकारी 108 एम्बुलेंस को दी किंतु काफी देर तक मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची. लोग एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे. शासकीय औषधि केंद्र के डॉक्टर धर्मेंद्र बामनिया और स्टाफ द्वारा घायलों का तुरंत उपचार किया गया तथा गंभीर घायलों को शुजालपुर रेफर किया. बताया जाता है कि तलेन की एम्बुलेंस 108 करीब एक माह से मैंटेनेंस के नाम पर लापता है.
निजी वाहनों से ले गये घायलों को
काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं आने पर परिजन एवं नागरिक घायलों को अपने-अपने हिसाब से निजी वाहनों के द्वारा अस्पताल लेकर पहुंचे. घायलों को बाहर तक रेफर करने तक 108 एम्बुलेंस का पता नहीं था. डॉक्टर बामनिया और नायब तहसीलदार मनोज शर्मा फोन से सम्पर्क करते रहे किंतु 108 एम्बुलेंस द्वारा फोन नहीं उठाया गया.
…वरना बड़ी अनहोनी हो जाती
जानकारी के अनुसार जिस चौराहा पर यह सडक़ दुर्घटना हुई वहां पर 10 से 12 हाथ ठेले फल फू्रट के लगते है, इनके द्वारा कभी-कभी सुबह बहुत जल्दी अपनी दुकान लगा ली जाती है किंतु सौभाग्य से सोमवार को दुर्घटना के समय यहां कोई दुकान नहीं लगी थी और न ही भीड़भाड़ थी वरना कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी.
दुर्घटना के बाद जागा प्रशासन, हटवाया अतिक्रमण
जिस इकलेरा चौराहा पर यह भीषण सडक़ दुर्घटना हुई है, उक्त चौराहा पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में होने से आये दिन दुर्घटनाओं का डर बना रहता है. सोमवार को हुई सडक़ दुर्घटना के बाद एकाएक प्रशासन जागा और चौराहा पर मौजूद ठेले, गुमठियों व अन्य अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाई शुरु की.
…मुख्य चौराहा पर स्पीड ब्रेकर की दरकार
इकलेरा चौराहा पर ही शुजालपुर से पचोर रोड होकर निकला हुआ है, चौराहा पर एकाएक शुजालपुर से पचोर तरफ जाने वाले वाहन आ जाते है, सोमवार को इसी तरह अचानक तेज गति से ट्रक आया और सीधे बस से जा भिड़ा. जबकि इस जगह शुजलापुर तरफ से आने वाले मार्ग के यहां स्पीड ब्रेकर होना चाहिए ताकि वाहन की गति धीमे होकर दुर्घटनाओं को रोका जा सका. तलेन में आवागमन की दृष्टि से इकलेरा चौराहा मुख्य है. पचोर -शुजालपुर तथा कुरावर-सारंगपुर सारंगपुर मार्ग का मुख्य चौराहा है. इस चौराहे पर अतिक्रमण होने से अव्यवस्था हावी रही है. पचोर- शुजालपुर मुख्य मार्ग पर अगर ब्रेकर होते थे सोमवार को हुई दुर्घटना होने से टल सकती थी. इस चौराहे पर पूर्व में भी आए दिन सडक़ दुर्घटनाएं होती रही है. नागरिकों के द्वारा अनेक बार ब्रेकर बनाए जाने की मांग की गई किंतु इसको गंभीरता से नहीं लिया गया. इस चौराहे का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग भी लम्बे समय से हो रही है, परंतु इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
