
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे सह-आरोपी चेतन कुमावत को गिरफ्तार किया है. 24 अगस्त को 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए पृथम शाक्तावत से पूछताछ में चेतन की भूमिका सामने आई थी. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.
क्राइम ब्रांच ने 24 अगस्त को शिवालय मार्ग स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास घेराबंदी कर बेटमा निवासी पृथम शाक्तावत को पकड़ा था. उसके पास से 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली थी. बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए आंकी गई थी.
पृथम से पूछताछ के दौरान पुलिस को तस्करी में चेतन कुमावत की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद मामले में उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई. पुलिस ने लगातार पतारसी के बाद 8 सितंबर को चेतन कुमावत को गिरफ्तार कर लिया.
खरीदार-सप्लायर की जानकारी जुटा रही पुलिस…
क्राइम ब्रांच अब चेतन से एमडी ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई, किसे दी जानी थी और नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इस संबंध में पूछताछ कर रही है. पुलिस उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाल रही है.
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के 65 मामलों में 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन मामलों में करीब 2.97 किलो एमडी ड्रग्स, 28.33 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 327.42 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3.74 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए हैं.
