ग्वालियर: जिला न्यायालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। इस शिविर में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित किशोर ने स्वयं भी रक्तदान किया। इस अवसर पर 89 सेवाभावी नागरिकों ने दूसरों का जीवन बचाने के लिये स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा श्रीराम मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल व एमपीसीटी डेंटल कॉलेज के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर न्यायाधीशगणों, अधिवक्तागण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर के कर्मचारीगणों ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर सहयोग प्रदान किया। इस प्रकार कुल 89 व्यक्तियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया गया। रक्तदान शिविर में जयारोग्य अस्पताल के ब्लड बैंक एवं शासकीय अस्पताल मुरार के ब्लड बैंक द्वारा रक्त संग्रह किया गया।
