नयी दिल्ली 20 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिलांग से लोकसभा सांसद डा़ रिकी एजे सिंगकोन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
श्री मोदी ने आज एक्स पर एक पोस्ट में लिखा ”शिलांग से लोकसभा सांसद डॉ. रिकी एजे सिंगकोन के निधन से दुखी हूं। उन्हें मेघालय के लोगों के लिए उनकी समर्पित सेवा के लिए याद किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
उल्लेखनीय है कि वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी (वीपीपी) के नेता एवं सांसद डॉ. सिंगकोन का गुरुवार को निधन हो गया। वह 54 वर्ष थे।
सांसद फुटबॉल खेलते समय अचानक गिर पड़े थे। उन्हें ह्यूज गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल के डॉक्टरों ने बचाने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन सभी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात लगभग 8:42 बजे उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी गई।
मुख्यमंत्री कोनराड सांगमा, गृह प्रभारी उप-मुख्यमंत्री प्रेस्टोन त्यन्सोंग, वीपीपी अध्यक्ष आर्डेंट मिलर बासाइयामोइत तथा अन्य नेता अस्पताल में मौजूद थे।
