
बैतूल।सोनाघाटी रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक अजित बारंगे उम्र 40 वर्ष का शव मिला। वह बैतूल शहर के चक्कर रोड स्थित वैष्णवी धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ रहते थे।
परिजनों के अनुसार शनिवार रात वे गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल होने के बाद घर लौटे थे। देर रात पत्नी के जागने पर वे बिस्तर पर नहीं मिले, जिसके बाद तलाश शुरू हुई। पास के सीसीटीवी फुटेज में उन्हें सोनाघाटी की ओर जाते देखा गया। सुबह उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
रेलवे स्टेशन मास्टर की सूचना के अनुसार एक ट्रेन चालक ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेन के सामने एक व्यक्ति कूद गया था। कोतवाली पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और आगे की जांच शुरू कर दी है।
अजित बारंगे शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि उनके सहकर्मी और गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। उनकी पत्नी पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
