भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने चोरी, नकबजनी और लूट जैसी संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में सघन अभियान तेज कर दिया है। बीते एक सप्ताह के दौरान पन्ना, शिवपुरी, इंदौर, रतलाम और भोपाल सहित विभिन्न जिलों में की गई समन्वित कार्रवाइयों में पुलिस ने एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद की है तथा कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पन्ना जिले में पुलिस ने मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पन्ना, सतना और कटनी में कुल 19 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मंदिरों के मुकुट और छत्र, 2.5 किलो गलायी गई चांदी, औजार, मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
शिवपुरी के कोलारस थाना क्षेत्र में सराफा दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 32 लाख रुपये की 9 किलो से अधिक चांदी जब्त की। इंदौर में पुलिस ने दो बड़ी चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा कर 19 लाख रुपये से अधिक के आभूषण बरामद किए।
रतलाम में अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर 5.22 लाख रुपये की संपत्ति, एक कार और औजार जब्त किए गए। भोपाल में अयोध्या नगर पुलिस ने तीन नकबजनों को गिरफ्तार कर 4.5 लाख रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की।
इसके अलावा छतरपुर, बालाघाट, विदिशा, खरगोन और कटनी जिलों में भी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए संपत्ति बरामद की गई है। मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की
