ग्वालियर: कृषि उपज मंडी भितरवार में बारदाने में आग लगने की आकस्मिक घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को शीघ्र सामान्य किया। प्रशासन ने किसानों एवं व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उपज विक्रय व्यवस्था बहाल कराई और शांति व्यवस्था बनाए रखी। घटना के बाद व्यापारी, मंडी कर्मचारी और संबंधित अमले ने तत्काल आग बुझाने के प्रयास किए।
खरीदी, तुलाई और भुगतान कार्य प्रभावित होने के कारण कुछ समय के लिए डाँक प्रक्रिया बाधित हुई। शेष लगभग 50 ट्रॉलियों के किसानों की चिंता को ध्यान में रखते हुए नायब तहसीलदार भितरवार हरनाम सिंह एवं शिवदयाल शर्मा मौके पर पहुँचे। उन्होंने किसानों और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर पुनः डाँक प्रारंभ कराने पर सहमति बनाई। इससे स्थिति सामान्य हो गई और किसानों के हित में समाधान सुनिश्चित किया गया।
इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने मौके पर पहुँचकर विवाद उत्पन्न किया और नायब तहसीलदार हरनाम सिंह के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। प्रशासन ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजय रावत पुत्र देवीसिंह रावत निवासी ग्राम स्याऊ, थाना करहिया को गिरफ्तार कर लिया है।
