ग्वालियर:डबरा अंचल में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है. इस दौरान किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है जिससे वो परेशान हैं. किसानों का कहना है कि पंजीकृत कृषकों के स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं. वहीं इससे नाराज किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर जन आंदोलन की चेतावनी दी.
किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय करने के लिए पंजीकृत कृषकों का स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है. इसके लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्हें दिन और पूरी रात लाइन में लगना पड़ रहा है, इसके बावजूद स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है. किसानों ने बताया कि सर्वर डाउन चला रहा, जिसके चलते स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है. इन्हीं समस्याओं को लेकर किसानों ने डबरा में प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो किसान यूनियन बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी.
