
भोपाल। कोलार थाना इलाके में रहने वाले युवक को राजस्थान पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया है. कोलार पुलिस से इंफारमेंशन मिलने के बाद झालावाड़ा जिले में दांगीपुरा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची.
मिली जानकारी के मुताबिक दांगीपुरा पुलिस ने युवक सोनू को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब पीड़ित युवक का मेड़िकल भी करा रही है. मेड़िकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई दांगीपुरा पुलिस करेगी. सोनू के परिजन भी उसे लेने के राजस्थान पहुंच रहे हैं.
बता दें कि एक दिन पूर्व कोलार इलाके में रहने वाले युवक सोनू की पिटाई का वीडियो उसके परिजनों को मोबाइल पर भेजा गया. पीड़ित के परिजन वीडियो दिखाते हुए कोलार पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. परिवार ने सोनू और राजस्थान की रहने वाली युवती के प्रेम प्रसंग की घटना बताई. युवती के बुलाने पर सोनू के राजस्थान जाने और युवती के परिजनों की तरफ से सोनू को बंधक बनाए जाने का पूरा मामला पुलिस को बताया गया. कोलार पुलिस ने दांगीपुरा पुलिस से संपर्क कर सोनू को बंधक बनाने वालों की जानकारी साझा की. दांगीपुरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनू को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया है. मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.
