
सारनी/बैतूल। जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के निर्देशन में चल रही कार्यवाही के तहत पाथाखेड़ा चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज चार दिन में लूट की वारदात का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा है।
फरियादी अजय खंडेलवार (36), निवासी शोभापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त की शाम 6:30 बजे घर लौटते समय मंदिर के पास जंगल से तीन अज्ञात युवक निकले। चेहरा ढके हुए आरोपियों ने लोहे की पाइप से हमला कर मोबाइल, नगदी और पर्स लूट लिया। शिकायत पर थाना सारनी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता से 19 अगस्त को ग्राम केरिया उमरी निवासी विकास धुर्वे को गिरफ्तार किया गया। उसके दो नाबालिग साथियों को भी पकड़ा गया। आरोपियों से पल्सर बाइक, लोहे की पाइप, मोटरसाइकिल की चैन और 500 रुपये नगद बरामद किए गए। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्यवाही की गई।
