चंदनपुरा में गंदगी देख नाराज हुए ऊर्जा मंत्री, दिखाए सख्त तेवर

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुरुवार को उप नगर ग्वालियर के चंदनपुरा, विनय नगर और शब्द प्रताप आश्रम इलाकों में जन समस्याओं तथा विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान एक्शन मोड़ में नजर आए। गुरुवार सुबह भोपाल से ग्वालियर पहुंचते ही ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड नंबर 16 स्थित चंदनपुरा में निर्माणाधीन सिंधिया पार्क का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पेविंग ब्लाक लगाने, वाटर हार्वेस्टिंग करने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था कराने तथा ओपन जिम खोलने के साथ ही सामुदायिक भवन की छत्त का निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने चंदनपुरा स्थित निर्माणाधीन नवीन नाले का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता बेहतर रखने की बात कही। साथ ही सिंधिया पार्क के नजदीक स्थित पुराने नाले में गंदगी देखकर नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि बरसात से पहले 20 दिन के अंदर मुझे इस लाइन में सुपर सकर मशीन से सफाई दिखनी चाहिए। अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। उन्होंने चंदनपुरा एवं न्यू चंदनपुरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन, नाला एवं पार्क की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने रमटापुरा में निर्माणाधीन नवीन सीवर लाइन का भी निरीक्षण किया। इसके बाद सुपर सकर मशीन द्वारा चल रहे सीवर सफाई अभियान के तहत विनय नगर सेक्टर एक में सफाई कार्य का निरीक्षण किया।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान चंदन पुरा स्थित सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं से संवाद किया तथा एक बुजुर्ग महिला से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए पूंछा कि अम्मा कोई दिक्क़त तो नहीं है, तो बुजुर्ग महिला ने ठंडे पानी के लिए व्यवस्था कराने की आवश्यकता बताई। जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए ऊर्जा मंत्री ने सब्जी मंडी में तुरंत वाटर कूलर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में आमजन, व्यापारियों एवं श्रमिक भाइयों-बहनों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना इस जनसेवक की प्राथमिकता है। जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करना ही हमारा दायित्व है।

*मेवाराम का घर खटखटा कर प्याज से खाई रोटी*

ऊर्जा मंत्री के कदम मेवाराम शाक्य के मकान के दरवाजे पर जाकर ठिठक गए। उन्होंने बड़े ही आत्मीय अंदाज में घर का दरवाजा खटखटाया और जब दरवाजा मेवाराम शाक्य ने खोला, तो ऊर्जा मंत्री ने उनसे सरकार की योजनाओं और समस्याओं के बारे में संवाद करते हुए भोजन करने की अपनी इच्छा व्यक्त की। घर के मुखिया मेवाराम पहले तो अचानक ऊर्जा मंत्री की इस इच्छा को सुनकर असमंजस में पड़ गए, फिर कुछ विचार कर एक थाली में रोटी, प्याज, नमक और हरी मिर्च लाकर ऊर्जा मंत्री के सामने प्रस्तुत की। थाली देख ऊर्जा मंत्री तोमर भावुक हो गए और उन्होंने बड़ी ही आत्मीयता के साथ घर की देहरी पर बैठकर वह भोजन ग्रहण किया। उनके इस अंदाज को देख वहां मौजूद प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी अचंभित रह गए। इस अवसर पर नगर निगम, विधुत विभाग, पीएचई, जिला प्रशासन मौजूद रहे।

Next Post

जीडीए उपाध्यक्ष गुप्ता ने सिलावट से लिया मार्गदर्शन

Thu May 21 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने आज जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से भेंटकर उन्हें पुष्प गुच्छ देकर एंव अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। सिलावट ने गुप्ता को उपयोगी मार्गदर्शन दिया। गुप्ता ने कहा कि सिलावट का अनुभव और विचार सदैव जनसेवा एवं संगठनात्मक कार्यों के […]

You May Like