
सीधी।चोरी करते पकड़े जाने पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में जमोड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए थाना जमोड़ी पुलिस ने चोरी का प्रयास करते हुए फरियादी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा है।फरियादी अनिल कुमार द्विवेदी पिता जानकीराम द्विवेदी, उम्र 43 वर्ष निवासी हटवा थाना बहरी ,हाल मुठिगवां थाना जमोड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17 अक्टूबर 2025 की रात्रि भोजन कर अपने नव-निर्मित मकान में सो रहे थे। दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को अल सुबह लगभग 02:30 बजे घर के पीछे से असामान्य आवाज सुनाई देने पर जग गए , जहां देखा कि सन्नू साकेत पिता मुन्ना साकेत निवासी मुठिगवां उनके घर का लोहा (सरिया) चोरी कर रहा था।फरियादी द्वारा आपत्ति जताने पर आरोपी ने हाथ में लिए चाकू से उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें शरीर में कई गंभीर चोटे आईं। घटना के पश्चात आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में परिजनों की मदद से फरियादी को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया।एवं रिपोर्ट पर तत्काल थाना जमोड़ी में धारा 109, 296, 115(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार-
थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं सघन तलाशी अभियान के परिणामस्वरूप आरोपी सन्नू साकेत को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। विधि सम्मत कार्रवाई उपरांत उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे जिला जेल सीधी दाखिल कराया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक वीरभान साकेत, सहायक उप निरीक्षक आरडी साकेत, प्रधान आरक्षक महेंद्र, सुनील बागरी, अशोक बहरोलिया तथा आरक्षक केपी सिंह, ललित एवं नीरज का सराहनीय योगदान रहा।
