
सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-रीवा मार्ग में जिला मुख्यालय के समीपी सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास आज सुबह करीब 5:30 एक अनियंत्रित आयल टैंकर के सडक़ में पलट जाने से वाहनों के पहिये करीब 5 घंटे तक थमे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार वीर फ्यूल्स के समीप आयल टैंकर के अनियंत्रित होकर बीच सडक़ में पलटने से सीधी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से अवरूद्ध हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायल टैंकर चालक को बाहर निकालकर लोगों ने टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से प्राथमिक उपचार कराने के बाद जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था बनाई। सूचना पाकर जमोड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मार्ग में अवरूद्ध आवागमन को बहाल कराने के लिये क्रेन की मदद से सडक़ के बीच में पलटे टैंकर को सीधा करने की कार्यवाही शुरू की। मार्ग में आवागमन अवरूद्ध हो जाने से दोनो तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। कुछ वाहन तो प्रधानमंत्री सडक़ तेंदुआ से होते हुये अपने गंतव्य के लिये आगे निकले।
